₹5 करोड़ से चमकेगी बरेली की सिटी रोड, 3 महीने का रूट डायवर्जन लागू, नया ट्रैफिक प्लान जारी

बरेली शहर की जर्जर हो चुकी सिटी रोड के पुनर्निर्माण का इंतजार अब खत्म हो गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) मंगलवार से यहां सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू करेगा। निर्माण के दौरान यातायात में बाधा और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए तीन महीने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इसे लेकर यातायात पुलिस ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सिटी रोड के निर्माण के लिए नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग को ₹5 करोड़ का बजट उपलब्ध कराया है। सिटी रोड बरेली की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है, जो एक ओर रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली को जोड़ती है, जबकि दूसरी ओर से बदायूं और शाहजहांपुर का सीधा संपर्क प्रदान करती है।
चौपुला पुल से सिटी स्टेशन होते हुए किला पुल तक करीब 1200 मीटर लंबी सड़क बेहद जर्जर हालत में पहुंच चुकी थी। स्मार्ट सिटी की प्रमुख सड़क के गड्ढों में तब्दील होने से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर लगातार सवाल उठ रहे थे।
पहले बजट के अभाव में निरस्त हुआ था टेंडर
जिला प्रशासन ने नगर निगम को सिटी रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए ₹5 करोड़ का बजट लोक निर्माण विभाग को देने की मंजूरी दी थी। लोक निर्माण विभाग ने करीब तीन महीने पहले टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी, लेकिन बजट समय पर उपलब्ध न होने के कारण टेंडर को निरस्त करना पड़ा था।
अब नगर निगम द्वारा ₹5 करोड़ की राशि लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। इसके बाद दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी कर ली गई है।
लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनज़र रेलवे, पुलिस और यातायात पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा गया है।
भारी वाहनों के लिए भी बदला रूट
निर्माण अवधि के दौरान बरेली-बदायूं मार्ग पर भारी वाहनों का रूट भी परिवर्तित किया गया है। फिलहाल बरेली-बदायूं रोड पर भी चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसे देखते हुए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण किया गया है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले नया रूट डायवर्जन मैप अवश्य देख लें, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।






