घुसपैठ पर योगी सख्त: बरेली में अफसरों को आदेश‘जीरो टॉलरेंस, एक भी न बचे’

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरेली में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अफसरों को साफ निर्देश दिए कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाए। उन्होंने कहा कि सत्यापन ऐसा हो कि “कोई भी घुसपैठिया बचकर न निकल पाए।”महिला सुरक्षा और समाज का माहौल बिगाड़ने वालों पर भी कार्रवाई और कड़ाई जारी रखने के निर्देश दिए।
“अच्छी कानून-व्यवस्था ही विकास का रास्ता” सीएम योगी
सीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था मजबूत होगी तो प्रदेश के विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के फीडबैक को बेहद महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री बोले
“लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत रखने के लिए हर स्तर पर सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जनता के बीच निरंतर उपस्थिति ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है।”
मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर खास जोर
योगी ने कहा कि जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं का ग्राउंड अनुभव किसी भी बड़े अभियान खासतौर पर मतदाता पुनरीक्षा को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय से अभियान की सफलता कई गुना बढ़ जाती है।
विकास कार्यों की समीक्षा: “गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दें”
सीएम ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा, जनप्रतिनिधि तय करें कि किस क्षेत्र में क्या आवश्यक है, अधिकारी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें। अफसर, जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारियों के बीच समन्वय मजबूत रहे। उन्होंने रामायण वाटिका समेत अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।
ठंड बढ़ी, रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था चेक करें
मुख्यमंत्री ने ठंड को देखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए, कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न सोने पाए, सभी रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया जाए, सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की पर्याप्त व्यवस्था हो
परिवारों से मिले, कार्यक्रमों में हुए शामिल
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से महापौर उमेश गौतम के आवास पहुंचे और उनके पुत्र–पुत्रवधू को विवाह की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सीएम आईवीआरआई मैदान में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र अपूर्व गंगवार के विवाह समारोह में शामिल हुए। रात्रि में मुख्यमंत्री राजकीय विमान से लखनऊ लौट गए।






