जाम से निजात की तैयारी, बरेली के प्रमुख चौराहों पर चलेगा विकास का प्लान

बरेली। शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम ने पीडब्ल्यूडी, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बरेली के 10 प्रमुख चौराहों के कायाकल्प का मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। इस योजना के तहत चौराहों का चौड़ीकरण, सुंदरीकरण, बिजली के पोल हटाकर तारों को अंडरग्राउंड करना और अतिक्रमण हटाना शामिल है।
नववर्ष में शुरू होगा काम, 9 करोड़ रुपये मंजूर
शहर में बढ़ते यातायात दबाव और बार-बार लगने वाले जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को संयुक्त सर्वे के निर्देश दिए थे। सर्वे के बाद तय किया गया कि चौराहों के पुनर्निर्माण से यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुधारा जा सकता है।
इस परियोजना के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत 9 करोड़ रुपये की धनराशि सुरक्षित कर ली गई है। नगर निगम ने विशेषज्ञ एजेंसियों से RFP (Request for Proposal) भी मांग लिया है। माना जा रहा है कि नए साल में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
इन 10 चौराहों का बदलेगा नक्शा
नगर निगम द्वारा जिन चौराहों और तिराहों को विकास के लिए चयनित किया गया है, वे हैं, मिनी बाइपास जंक्शन, सौफुटा तिराहा, ईंट पजाया, श्यामगंज, बरेली कॉलेज चौराहा, सेटेलाइट बस स्टैंड, बीसलपुर चौराहा, चौकी चौराहा, सौपुला, नावल्टी चौराहा
इन सभी स्थानों पर यातायात घनत्व के अनुसार नए डिजाइन तैयार किए जाएंगे।
हटेंगे बिजली के पोल, अतिक्रमण पर चलेगा अभियान
कायाकल्प के दौरान चौराहों और तिराहों पर मौजूद बिजली के पोल हटाए जाएंगे और बिजली की लाइनें अंडरग्राउंड की जाएंगी। इसके साथ ही वर्षों से जाम का कारण बने अवैध अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने शहर के जाम से निजात के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे, जिसके तहत कई चौराहों का संयुक्त निरीक्षण भी किया गया था।
क्या बदलेगा इस योजना से
चौराहों पर लगने वाला जाम होगा कम,यातायात होगा सुगम और सुरक्षित, शहर की सुंदरता और दृश्यता बढ़ेगी, प्रदूषण में भी आएगी कमी
बयान
“शहर के दस चौराहों के कायाकल्प के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम से कार्ययोजना तैयार की गई है। आरएफपी जारी कर दिया गया है, जल्द ही सभी चयनित चौराहों और तिराहों पर काम शुरू कराया जाएगा।”
संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त, बरेली






