बदायूं में बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचारों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर (नगर पंचायत) में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों और हालिया हिंसक घटनाओं के विरोध में हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ ने एक प्रभावशाली और जोशीला प्रदर्शन आयोजित किया। यह प्रदर्शन देशभर में चल रहे विरोध की कड़ी में शामिल है, जहां हाल ही में बांग्लादेश के मेमनसिंह जिले में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा निर्मम हत्या के बाद आक्रोश चरम पर है।
सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय हिंदू समाज के लोग वन्दे मातरम, भारत माता की जय और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाते हुए सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर अपना गहरा आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान भारी नारेबाजी हुई, जिसमें मुख्य रूप से ये मांगें उठीं, बांग्लादेश सरकार तुरंत हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे, दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाए
जोरदार प्रदर्शन के बाद एक ज्ञापन बिल्सी तहसीलदार को सौंपा गया, जिसमें बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।






