रामगंगा नगर के बाद बरेली को एक और टाउनशिप, 11 किसानों ने कराया बैनामा

बरेली। शहर के नियोजित विस्तार की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने एक और बड़ा कदम बढ़ा दिया है। रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली के बाद अब पीलीभीत बायपास रोड पर प्रस्तावित नई टाउनशिप को मूर्त रूप देने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में दो गांवों के 11 किसानों ने अपनी जमीन बीडीए को सौंपते हुए बैनामा कराया, जिसके बदले उन्हें 18.50 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया।
कुम्हरा और नवदिया कुर्मियान के किसानों से सहमति
बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि गांव कुम्हरा और नवदिया कुर्मियान के किसानों
मदन लाल, अनिल कुमार, ज्ञानेन्द्र पाल सिंह, नबी अहमद, हुलासो देवी, मुन्नी, ताहिर हुसैन, देवेन्द्र सिंह, सुख्खन लाल और आतुर सक्सेना की भूमि के विधिवत बैनामे पूरे कर लिए गए हैं। बैनामा प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों को निर्धारित दरों के अनुसार चेक के माध्यम से भुगतान किया गया।
आपसी सहमति से हो रही जमीन खरीद
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, नई टाउनशिप के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और किसानों की सहमति से की जा रही है। इससे न केवल शहर का सुनियोजित विकास होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और आवासीय विकल्पों का भी विस्तार होगा।
विकास की नई तस्वीर
पीलीभीत बायपास पर प्रस्तावित यह नई टाउनशिप भविष्य में आवास, सड़क, सीवर, बिजली और हरित क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। बीडीए का दावा है कि परियोजना के धरातल पर उतरते ही बरेली के शहरी स्वरूप में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।






