No Slide Found In Slider.
Breaking Newsउत्तरप्रदेशबरेली

हुड़दंग का विरोध करना पड़ा भारी, युवक पर फरसे से जानलेवा हमला

No Slide Found In Slider.

बरेली। थाना सुभाष नगर क्षेत्र के करेली गांव में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर के सामने रोजाना होने वाले हुड़दंग, गाली-गलौज और महिलाओं से अभद्रता का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। अराजक तत्वों ने 25 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार (फरसा) से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घर के सामने रोज जमाते थे मजमा

घायल युवक जीशान ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि उसके घर के सामने कुछ युवक रोजाना अलाव जलाकर देर रात तक बैठे रहते थे। नशे में धुत ये युवक खुलेआम गंदी गालियां देते और महिलाओं से छेड़खानी जैसी हरकतें करते थे, जिससे पूरे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा था।

 विरोध करते ही भड़के आरोपी

शुक्रवार सुबह जीशान ने जब इन हरकतों का विरोध किया, तो आरोपी युवक आगबबूला हो गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने जीशान को घेर लिया और धारदार फरसे से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में जीशान लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

शोर सुनकर पहुंचे परिजन, बची जान

चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिन्होंने किसी तरह जीशान को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश में दबिश

सूचना मिलते ही थाना सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button