No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली में भ्रूण मिलने से हड़कंप, हिंदू संगठनों का हंगामा

No Slide Found In Slider.

बरेली में भ्रूण मिलने से हड़कंप, हिंदू संगठनों का हंगामा
आशियाना कॉलोनी के पास प्लॉट में मिला पशु भ्रूण, पुलिस पर अभद्रता का आरोप; जांच के लिए लैब भेजा गया सैंपल
बरेली। पीलीभीत रोड स्थित आशियाना कॉलोनी के पास शनिवार को एक खाली प्लॉट में पशु का भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और भ्रूण को गोवंश का बताते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर बारादरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। संगठन के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कट्टे में मिला भ्रूण, जांच के बाद होगा खुलासा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्लॉट में पड़े एक कट्टे के अंदर पशु भ्रूण मिला था। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हिंदू संगठनों ने दावा किया कि भ्रूण गोवंश का है, जबकि पुलिस ने बिना जांच किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार कर दिया।
बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पशु चिकित्सक को भी बुलाया गया, लेकिन उन्होंने मौके पर भ्रूण की पहचान स्पष्ट करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सड़क जाम की कोशिश, पुलिस ने दिखाई सख्ती
पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों ने मौके पर सड़क जाम करने की कोशिश की थी। समझाने के बावजूद जब लोग नहीं माने तो पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। वहीं हिंदू संगठनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें धमकाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
बकरीद पर बढ़ी सतर्कता, कई जगह मिले पशु अवशेष
इसी बीच बकरीद के दौरान शहर के कुछ इलाकों में पशुओं के अवशेष मिलने की घटनाओं से माहौल गरमा गया। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के आसपास भी कुछ स्थानों पर अवशेष मिलने की सूचना पर बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और नगर निगम की मदद से तत्काल सफाई कराई गई।
हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि एक हेड कांस्टेबल ने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की, जिसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे जिले में बकरीद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई।
उच्च अधिकारियों से शिकायत की तैयारी
हिंदू संगठनों ने कहा कि शहर में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। संगठन के पदाधिकारियों ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से करने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button