MJPRU के नाम पर चल रही थी नकली वेबसाइट, छात्रों के भविष्य से हो रहा था खिलवाड़

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) बरेली के नाम और प्रतिष्ठा का दुरुपयोग कर एक नकली वेबसाइट संचालित किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे सुनियोजित साइबर धोखाधड़ी करार देते हुए जिला पुलिस को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।थाना बारादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.mjpru.ac.in है, लेकिन इसके नाम से मिलती-जुलती एक नकली वेबसाइट www.mjpru.org.in इंटरनेट पर सक्रिय पाई गई है। यह फर्जी वेबसाइट विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट की हूबहू नकल करते हुए सूचनाएं, नोटिस और अन्य सामग्री अपलोड कर रही है, जिससे छात्रों, अभिभावकों और आम जनता में भारी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह फर्जी वेबसाइट किसी अज्ञात व्यक्ति या गिरोह द्वारा बनाई गई है, जिसका उद्देश्य छात्रों को गुमराह कर उनसे शुल्क व संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी हासिल करना हो सकता है। इससे न केवल छात्रों के साथ धोखाधड़ी की आशंका है, बल्कि विश्वविद्यालय की वर्षों पुरानी साख को भी गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा है।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट के कोऑर्डिनेटर अख्तर हुसैन द्वारा कुलसचिव के माध्यम से इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए अनुरोध किया गया है कि एसएसपी बरेली को तत्काल आधिकारिक शिकायत भेजी जाए, ताकि फर्जी वेबसाइट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सके। उसके बाद शिकायत के आधार पर मुकदमर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।






