कड़ाके की ठंड से राहत: बरेली में कक्षा आठ तक के स्कूल 30 दिसंबर तक बंद

बरेली। जिले में लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह और रात के समय बढ़ती सर्दी के कारण खासकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों में 30 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आदेश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. विनीता ने 29 और 30 दिसंबर को कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों का अवकाश करने के निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश जिले के सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों तथा अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। यदि किसी विद्यालय में इन तिथियों में बच्चे उपस्थित पाए गए तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, अवकाश के बावजूद यू-डायस, अपार आईडी एवं अन्य विभागीय कार्यों के लिए शिक्षक एवं शिक्षिकाएं अपने-अपने विद्यालयों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपस्थित रहकर कार्य संपादित करेंगे।




