सोशल साइट से हुई दोस्ती बनी धोखे की कहानी, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

हाफिजगंज। सोशल मीडिया के जरिए हुई जान-पहचान एक युवती के लिए धोखे और मानसिक प्रताड़ना का कारण बन गई। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की करीब तीन वर्ष पूर्व भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मनेहरा निवासी एक युवक से सोशल साइट के माध्यम से पहचान हुई थी।
आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसकी आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली। बाद में युवक ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराने का प्रयास किया।
पीड़िता ने मामले की शिकायत थाना हाफिजगंज में दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मनेहरा गांव निवासी पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






