लेखपाल भर्ती परीक्षा के बाद बरेली जंक्शन पर उमड़ी भीड़, शौचालय में बैठकर सफर करने को मजबूर हुए अभ्यर्थी।

लेखपाल भर्ती परीक्षा के बाद बरेली जंक्शन पर उमड़ी भीड़, शौचालय में बैठकर सफर करने को मजबूर हुए अभ्यर्थी।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली / LIVE BHARAT TV
बरेली। समर सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में बिना कन्फर्म टिकट सफर करना यात्रियों के लिए भारी पड़ रहा है। गुरुवार को लेखपाल भर्ती परीक्षा के चलते बरेली जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालत यह रही कि कई अभ्यर्थियों को ट्रेन में जगह नहीं मिली और उन्हें शौचालय में बैठकर सफर करना पड़ा। वहीं बड़ी संख्या में परीक्षार्थी बिना आरक्षण स्लीपर कोचों में घुस गए, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
37 परीक्षा केंद्रों पर हुई भर्ती परीक्षा
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से गुरुवार को लेखपाल भर्ती परीक्षा आयोजित कराई गई। बरेली जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर कुल 19,968 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। परीक्षा समाप्त होते ही हजारों अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन और बस अड्डों की ओर निकल पड़े, जिससे जंक्शन पर अचानक भारी भीड़ जमा हो गई।
जननायक एक्सप्रेस में मची अफरा-तफरी
दोपहर करीब 1:37 बजे ट्रेन संख्या 15211 जननायक एक्सप्रेस बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची तो ट्रेन में चढ़ने के लिए अभ्यर्थियों की होड़ मच गई। जनरल कोच पहले से ही खचाखच भरे थे। सीट और खड़े होने की जगह तक नहीं मिलने पर कई अभ्यर्थी स्लीपर कोचों में घुस गए। वहीं कुछ युवाओं ने ट्रेन के शौचालय में बैठकर सफर शुरू कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चौकस
अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन और जीआरपी की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि भीड़ अधिक होने के कारण ट्रेनों में अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला।
यात्रियों को भी उठानी पड़ी परेशानी
अचानक बढ़ी भीड़ का असर आम यात्रियों पर भी पड़ा। आरक्षित सीटों पर भीड़ चढ़ने से कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समर सीजन और भर्ती परीक्षाओं के चलते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए यात्रियों को कन्फर्म टिकट लेकर ही सफर करने की सलाह दी जा रही है।






