अटल जयंती पर महानगर में गूंजा श्रद्धा और संकल्प का स्वर

बरेली। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न और भारतीय राजनीति के युगपुरुष श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने संगठनात्मक मजबूती का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना के दिशा-निर्देशन में महानगर के सभी नौ मंडलों एवं प्रत्येक बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर अटल जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसी क्रम में भाजपा हरमिलाप मंडल के शक्ति केंद्र 16-बी, संजय नगर स्थित बूथ संख्या 200 पर विशेष आयोजन हुआ, जहां कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पुष्पांजलि से विचार यात्रा तक
अटल जी को बताया राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर
कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “अटल जी केवल प्रधानमंत्री नहीं थे, वे एक विचारधारा, एक दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण की जीवंत प्रेरणा थे।”
उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने स्थिरता, सुशासन और आत्मविश्वास का अनुभव किया। परमाणु शक्ति के रूप में भारत की पहचान, सशक्त विदेश नीति और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती उनके ऐतिहासिक योगदान का प्रमाण है।
“अटल जी का जीवन हर कार्यकर्ता के लिए पथप्रदर्शक”
अधीर सक्सेना ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन त्याग, सिद्धांत और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उनके आदर्शों पर चलकर हर भाजपा कार्यकर्ता देश सेवा के संकल्प को और मजबूत कर सकता है।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से
महानगर मीडिया प्रभारी प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर),
मंडल अध्यक्ष राजीव कश्यप, अजय चौहान,
पूर्व पार्षद बबलू पटेल,
पार्षद प्रतिनिधि विवेक पटेल,
प्रमोद रघुवंशी,
मंडल उपाध्यक्ष अक्कू पटेल,
सुनील सक्सेना,
मंडल महामंत्री निखिल कुमार
सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अटल जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को आत्मसात करने और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य अटल जी के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना और उनकी राष्ट्रवादी सोच को आगे बढ़ाना रहा।






