डिजिटल बदनामी का खेल: इंस्टाग्राम पर एडिटेड फोटो वायरल

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा युवती की फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर उसकी सामाजिक छवि धूमिल करने का आरोप लगा है। विरोध करने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटईया गांव निवासी अजय पुत्र रामप्रताप ने युवती की फोटो बिना अनुमति के एडिट कर एक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पोस्ट कर दी। फोटो सार्वजनिक होते ही युवती की बदनामी होने लगी और परिवार को सामाजिक दबाव का सामना करना पड़ा।
पीड़ित भाई का कहना है कि जब परिवार ने आरोपी से फोटो हटाने का विरोध किया तो उसने न केवल फोटो हटाने से इनकार कर दिया, बल्कि जानबूझकर उसे अपनी इंस्टाग्राम डीपी पर भी लगा लिया, ताकि अधिक से अधिक लोग उसे देख सकें। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने पूरे मामले को सोची-समझी साजिश बताते हुए प्रेमनगर थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






