डेकोरेशन विवाद में दबंगई की हदें पार, टेंट संचालक व बेटों पर जातिगत हमले का आरोप

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित सहारा ग्रीन बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान टेंट डेकोरेशन को लेकर दबंगई और जातिगत अपमान का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने टेंट संचालक और उसके बेटों पर लाठी-डंडों से हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित कुनाल कुमार सिद्धार्थ निवासी ग्राम कुबेरपुर, पोस्ट बड़गांव, थाना पुवाया, जनपद शाहजहांपुर के अनुसार, उनके साले की हल्दी और शादी का कार्यक्रम क्रमशः 8 व 9 दिसंबर 2025 को सहारा ग्रीन बैंक्वेट हॉल, सूद धर्मकोटा चौराहा, प्रेमनगर में तय था। हल्दी कार्यक्रम की डेकोरेशन आरके इवेंट्स से कराए जाने की अनुमति पहले ही बैंक्वेट हॉल प्रबंधन से ली जा चुकी थी, जबकि शादी समारोह की डेकोरेशन समता टेंट हाउस को दी गई थी।
बताया गया कि 7 दिसंबर की शाम, जैसे ही समता टेंट हाउस के संचालक ओम मेहरा को यह जानकारी मिली कि हल्दी कार्यक्रम की डेकोरेशन किसी अन्य इवेंट कंपनी से कराई जा रही है, वह अपने बेटों रवि मेहरा और हनी मेहरा के साथ मौके पर पहुंचा और आरके इवेंट्स के कर्मचारियों को काम करने से रोक दिया। उस समय बैंक्वेट हॉल के मालिक और मैनेजर के हस्तक्षेप से विवाद शांत हो गया।
डंडों से हमला, जातिगत अपमान और धमकी का आरोप
आरोप है कि शाम करीब सात बजे, समता टेंट हाउस के लोग दोबारा डंडे लेकर बैंक्वेट हॉल में घुस आए। जब कुनाल कुमार सिद्धार्थ बीच-बचाव करने पहुंचे तो ओम मेहरा ने उनका चश्मा तोड़ दिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद रवि मेहरा और हनी मेहरा ने मिलकर उन्हें बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी भी देते रहे। किसी तरह जान बचाकर वह प्रेमनगर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने रात में ही उनका मेडिकल कराया। आरोप है कि मेडिकल होने के बावजूद कई दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पीड़ित को उच्चाधिकारियों के पास शिकायत करनी पड़ी।
मामले में क्षेत्राधिकारी नगर (प्रथम) के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






