गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा बरेली-बदायूं हाईवे, सिक्सलेन से बदलेगा यूपी का सफर

बरेली। उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी है। बरेली-बदायूं-मथुरा नेशनल हाईवे को सिक्सलेन में तब्दील करने का काम तेज कर दिया गया है। इसके साथ ही मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे से इस हाईवे की कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पश्चिमी और मध्य यूपी का सफर पूरी तरह बदल जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ), बदायूं की ओर से बरेली से बदायूं बाइपास तक हाईवे निर्माण के लिए 650 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं बदायूं बाइपास से कासगंज सीमा तक 1200 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत है।
बिनावर में होगा गंगा एक्सप्रेसवे से ‘महा-मिलन’
बिनावर क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे और बरेली-बदायूं हाईवे को जोड़ने के लिए क्रॉस पुल और एप्रोच रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद बरेली-बदायूं मार्ग से सीधे मेरठ और प्रयागराज की कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
तीन बाइपास, चौड़ी सड़कें और पुलिया निर्माण
बरेली से बदायूं के बीच बिनावर, भमोरा से देवचरा तक बाइपास का निर्माण कई स्थानों पर पुलिया और संरचनात्मक कार्य दोनों ओर से सिक्सलेन चौड़ीकरण का काम एक साथ चल रहा है। चौबारी क्षेत्र में निर्माण कार्य को गति देने के लिए नया प्लांट भी स्थापित कर दिया गया है।
10 स्थानों पर डायवर्जन, वाहनों की रफ्तार धीमी
निर्माण कार्यों के चलते बरेली से बदायूं के बीच करीब 10 स्थानों पर यातायात डायवर्जन किया गया है। पुलिया और चौड़ीकरण कार्य के कारण वाहनों की गति फिलहाल धीमी है, हालांकि पिछले तीन महीनों में निर्माण की रफ्तार में उल्लेखनीय तेजी आई है।
काम में तेजी के निर्देश, श्रमिकों की संख्या बढ़ी
एनएचएआइ बदायूं के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया “बरेली-बदायूं नेशनल हाईवे चौड़ीकरण की गति बढ़ाई जा रही है। दोनों ओर चौड़ीकरण के साथ तीन स्थानों पर बाइपास निर्माण शुरू हो चुका है। कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।”
सिक्सलेन से बदलेगा बरेली-मथुरा का सफर
हाईवे सिक्सलेन होने के बाद बरेली से मथुरा तक का सफर न सिर्फ तेज बल्कि ज्यादा सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ाव के बाद यह मार्ग औद्योगिक, व्यापारिक और लॉजिस्टिक दृष्टि से भी बेहद अहम साबित होगा।






