खेलो इंडिया व जूनियर नेशनल में पदक विजेता सेपक टाकरा खिलाड़ियों का बरेली में सम्मान
साईं सेंटर कैंट में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, खिलाड़ियों के लिए सहभोज का भी आयोजन

बरेली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) सेंटर कैंट, बरेली में उत्तर प्रदेश सेपक टाकरा एसोसिएशन द्वारा रविवार को पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह सम्मान खेलो इंडिया बीच सेपक टाकरा और 29वीं जूनियर नेशनल सेपक टाकरा प्रतियोगिता (पंजाब) में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों के लिए किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के सम्मान में सहभोज का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सचिन हुंडई की नताशा भसीन एवं वस्त्र महल के अमन अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि वे समय-समय पर खिलाड़ियों के साथ खड़े रहेंगे और हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
कोच और खिलाड़ियों का किया गया सम्मान
उत्तर प्रदेश टीम की उपलब्धियों पर उत्तर प्रदेश सेपक टाकरा एसोसिएशन के महासचिव सुमिल एस. सिरिया ने खिलाड़ियों और कोचों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि साईं कोच मीना कुमारी ने महिला वर्ग और उत्तर प्रदेश सेपक टाकरा एसोसिएशन के कोच राम कुमार ने पुरुष वर्ग की टीम का खेलो इंडिया बीच गेम्स एवं 29वीं जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में सफल नेतृत्व किया। प्रतियोगिता से लौटने के बाद 18 जनवरी को साईं स्टेडियम कैंट, बरेली में सभी खिलाड़ियों और कोचों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व आईटीबीपी व उत्तर प्रदेश ज्वाइंट सेक्रेटरी तान सिंह, भारतीय खेल प्राधिकरण के इंचार्ज संदीप, भारतीय कोच बी.ए. शर्मा सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को दिया मार्गदर्शन
महासचिव सुमिल एस. सिरिया ने खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर अभ्यास व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।






