आंधी में तिनके की तरह 300 मीटर तक उड़ा युवक, हाथ-पैर टूटे; वायरल वीडियो के बाद प्रशासन अलर्ट
जिले में बुधवार को आई तेज आंधी ने ऐसा कहर बरपाया कि एक युवक टीनशेड के साथ हवा में उड़ गया

बरेली। जिले में बुधवार को आई तेज आंधी ने ऐसा कहर बरपाया कि एक युवक टीनशेड के साथ हवा में उड़ गया। करीब 300 मीटर दूर खेत में गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मामला भमोरा थाना क्षेत्र के बबियाना गांव का है। गांव निवासी नन्हे तेज आंधी के दौरान बचाव के लिए गांव में बने बारातघर में खड़े हो गए और सहारा लेने के लिए पाइप पकड़ लिया। इसी दौरान तेज हवा के चलते बारातघर का टीनशेड उखड़ गया और नन्हे भी उसके साथ हवा में उड़ते हुए करीब 300 मीटर दूर खेत में जा गिरे। हादसे में उनके हाथ-पैर टूट गए। फिलहाल उनका उपचार कराया जा रहा है।
घटना के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी ने दैविक आपदा से हुए नुकसान का आकलन कराने के निर्देश जारी किए हैं। तहसीलदार सदर बरेली समेत सभी संबंधित लेखपालों को जिले में आंधी-तूफान से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को शासन स्तर से राहत दिलाई जा सके।
प्रशासन द्वारा बिजली पोल, पेड़ गिरने, मकानों की क्षति और जनहानि समेत सभी घटनाओं का सर्वे कराया जा रहा है। वहीं वायरल वीडियो ने लोगों को भी तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की चेतावनी दी है।






