बरेली में नलकूप कनेक्शन का इस्टीमेट बनाने को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार

बरेली में किसानों को नलकूप और बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर परेशान करने वाले बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी जेई प्रदीप बाबू भारती को शुक्रवार को 20 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
किसान की शिकायत से खुला मामला
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव करौलिया निवासी अमरजीत सिंह अपनी फसल की सिंचाई के लिए खेत में नलकूप का बिजली कनेक्शन कराना चाहते थे। खेत उनकी मां के नाम पर है। उन्होंने विद्युत विभाग खंड प्रथम, ढाक वाली ज्यारत बिजली घर पर तैनात जेई प्रदीप बाबू भारती से संपर्क किया।
जेई ने इस्टीमेट बनाने के लिए उनसे 20 हजार रुपये की मांग की और कहा कि बिना रुपये दिए काम नहीं होगा। बार-बार चक्कर लगवाने और दबाव बनाने से परेशान होकर अमरजीत सिंह ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की और रुपये मांगने के साक्ष्य भी उपलब्ध कराए।
ट्रैप में फंसा जेई
एंटी करप्शन टीम के ट्रैप प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने गांव रसूलपुर में बिजली विभाग के कैंप में जाल बिछाया। अमरजीत सिंह रुपये लेकर पहुंचे और जेई से बात की। जेई ने उन्हें साइड में बुलाकर रुपये लिए, तभी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कानूनी कार्रवाई
टीम जेई को सिविल लाइन कोतवाली ले आई, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपी प्रदीप बाबू भारती शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला एमलजई जलाल नगर निवासी हैं।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें एंटी करप्शन टीम के सीओ के मोबाइल नंबर 9454405475 या प्रभारी निरीक्षक के नंबर 9454401653 पर दर्ज कराई जा सकती हैं। टीम कार्रवाई करेगी।





