गुंटूर में YSR कांग्रेस नेता अंबाती रामबाबू गिरफ्तार, TDP कार्यकर्ताओं का हंगामा और तोड़फोड़

आंध्र प्रदेश के गुंटूर में राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया जब YSR कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अंबाती रामबाबू ने मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस घटना के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और पुलिस ने शिकायत दर्ज होने पर शनिवार देर रात रामबाबू को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गुंटूर की सड़कों पर सत्ताधारी तेलगु देशम पार्टी (TDP) के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कई घंटों तक चले इस प्रदर्शन के दौरान रामबाबू के घर के बाहर तोड़फोड़ की गई और गाड़ियों में आग लगा दी गई। कार्यकर्ता लगातार रामबाबू से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग कर रहे थे।
गुंटूर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) वकुल जिंदल ने बताया कि मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अंबाती रामबाबू को गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि YSR कांग्रेस पार्टी की सरकार में रामबाबू सिंचाई मंत्री रह चुके हैं।
इस बीच, जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली YSR कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि रामबाबू की जान को खतरा है। पार्टी का कहना है कि TDP समर्थकों ने उनके खिलाफ जानलेवा हमला किया।
YSRCP ने इस घटना को लेकर पुलिस महानिदेशक (DGP) को शिकायत पत्र भेजा है। पार्टी के जनरल सेक्रेटरी और सेंट्रल ऑफिस इंचार्ज MLC लेल्ला अप्पिरेड्डी ने कहा कि यह हमला सरकार पर सवाल उठाने वाली आवाजों को दबाने और डराने की एक सोची-समझी साजिश है।






