बरेली में नए सिटी मजिस्ट्रेट बने राजेश वर्मा, अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे के बाद नियुक्ति

बरेली में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे और उसके बाद निलंबन के बाद शासन ने जालौन के सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा को बरेली का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। शनिवार शाम जारी आदेश के अनुसार, राजेश वर्मा सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं।
अलंकार अग्निहोत्री का इस्तीफा और निलंबन गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के दिन तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने ई-मेल के माध्यम से डीएम, राज्यपाल और चुनाव आयुक्त को इस्तीफा भेजा और सोशल मीडिया पर उसका फोटो साझा कर सार्वजनिक किया। इस्तीफे में उन्होंने यूजीसी और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान से आहत होने की बात लिखी थी।
डीएम की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया और शामली डीएम कार्यालय से संबद्ध कर दिया। उनके विरुद्ध विभागीय जांच मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी को सौंपी गई है। लखनऊ ले जाए जाने के दौरान उनके समर्थकों ने विरोध भी किया।
जांच प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई अब जिला प्रशासन की ओर से उनके विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर नियुक्ति विभाग को भेजा जाएगा। इसके बाद मंडलायुक्त आरोप पत्र की विधिवत जांच करेंगे।
कामकाज प्रभावित न हो, इसलिए तात्कालिक व्यवस्था अलंकार अग्निहोत्री 124 बरेली विधानसभा क्षेत्र के चुनाव रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) भी थे। कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए डीएम अविनाश सिंह ने अपर उप जिलाधिकारी राम जनम यादव को अस्थायी रूप से सिटी मजिस्ट्रेट का प्रभार दिया था। अब शासन ने स्थायी तौर पर राजेश वर्मा को नियुक्त कर दिया है।






