सीएचसी में गंदगी देख भड़के जेडी हेल्थ, कर्मियों को लगाई कड़ी फटकार

नवाबगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज में व्याप्त अव्यवस्थाओं और गंदगी को देखकर शनिवार को निरीक्षण पर पहुंचे जेडी हेल्थ सुरेंद्र धुर्व का पारा चढ़ गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कई कक्षों में गंदगी और लापरवाही सामने आई, जिस पर उन्होंने सीएचसी कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जेडी हेल्थ ने सबसे पहले मरीजों के वार्ड का निरीक्षण किया, जहां बेडशीट गंदी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद महिला एवं पुरुष शौचालयों का जायजा लिया गया, जहां भारी गंदगी और दुर्गंध पाई गई। शौचालयों की स्थिति देखकर जेडी हेल्थ ने साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
निरीक्षण के दौरान डेंटिस्ट कक्ष की हालत भी संतोषजनक नहीं पाई गई। वहां रखे चिकित्सीय उपकरणों पर धूल जमी हुई थी, जबकि वॉश बेसिन में भी गंदगी पाई गई। इस पर जेडी हेल्थ ने सीएचसी अधीक्षक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मरीजों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जेडी हेल्थ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में नियमित और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, अन्यथा जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. राकेश, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार गंगवार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।






