वित्तीय संकट के चलते विधायक निधि की दो किस्तें लंबित, अधिकारी बोले—फिलहाल जारी होने की संभावना नहीं

प्रदेश के गंभीर वित्तीय हालात को देखते हुए सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अब तक विधायक निधि की केवल दो किस्तें ही जारी की हैं। इनमें पहली किस्त अप्रैल से जून और दूसरी किस्त जुलाई से सितंबर की अवधि के लिए दी गई है। इसके बाद की दो किस्तें अब तक लंबित हैं।
हालांकि, निधि जारी न होने के बावजूद कई विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से संबंधित अनुशंसा पत्र जारी कर रहे हैं। जब ये पत्र संबंधित सरकारी कार्यालयों में प्रस्तुत किए जा रहे हैं, तो अधिकारी स्पष्ट रूप से राशि उपलब्ध न होने का हवाला दे रहे हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राज्य की मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए निकट भविष्य में विधायक निधि की शेष किस्तें जारी होने की संभावना बेहद कम है। इससे न केवल स्थानीय विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच असमंजस की स्थिति भी बन रही है।




