पलवल के अलाहपुर में बनेगा अत्याधुनिक चिल्ड्रन पार्क, 8.68 करोड़ की प्रशासनिक मंजूरी
दिल्ली–आगरा नेशनल हाईवे के समीप अलाहपुर गांव में बच्चों के लिए एक अत्याधुनिक पार्क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। दिव्य नगर योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इस चिल्ड्रन पार्क के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। परियोजना पर कुल 8.6848 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
पार्क निर्माण के लिए शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय की ओर से 5.645 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है, जबकि शेष 35 प्रतिशत खर्च पलवल नगर परिषद अपने संसाधनों से वहन करेगी। यह पार्क जिले में अपनी तरह का पहला होगा, जिसे बच्चों की सुरक्षा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा।
प्रस्तावित पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल क्षेत्र, आकर्षक झूले, वॉकिंग ट्रैक और हरियाली से भरपूर वातावरण तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही यह पार्क स्थानीय निवासियों के लिए भी एक स्वस्थ और सुकूनभरा सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा। प्रशासन का उद्देश्य इस परियोजना के माध्यम से शहरी क्षेत्र में बच्चों के लिए बेहतर खेल और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।





