जेवर इंटरनेशनल फिल्म सिटी में पहली शूटिंग, ‘मॉम-2’ से होगी ऐतिहासिक शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना इंटरनेशनल फिल्म सिटी अब धरातल पर साकार होती नजर आ रही है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में विकसित की जा रही उत्तर प्रदेश की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में पहली फिल्म शूटिंग के रूप में फिल्म ‘मॉम-2’ की शूटिंग की तैयारी शुरू हो गई है। फिल्म सिटी परिसर में इससे जुड़ी प्रारंभिक गतिविधियां तेज कर दी गई हैं।
इस मेगा प्रोजेक्ट का निर्माण कर रहे बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के संयुक्त उपक्रम ‘बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा जमीन की मैपिंग प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। परियोजना से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, मैपिंग कार्य पूरा होने के बाद लगभग 20 दिनों के भीतर शूटिंग सेट तैयार कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद फिल्म की शूटिंग शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पहली शूटिंग के साथ ही इंटरनेशनल फिल्म सिटी परियोजना को नई गति मिलेगी और यह उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख फिल्म प्रोडक्शन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।





