बरेली के धार्मिक स्थलों का होगा विकास, मार्च से शुरू होंगे कार्य

बरेली जिले में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर सरकार की बड़ी योजना पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। जिले के सात नाथ मंदिरों सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन विभाग द्वारा अक्टूबर 2025 में अहिच्छत्र, सिरोही शिव मंदिर, बड़ा बाग हनुमान मंदिर, रामजानकी मंदिर, ठाकुर जी मंदिर और पहलऊनाथ मंदिर के विकास से जुड़े प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिल चुकी है और अब विभाग की ओर से निर्माण कार्य के लिए एजेंसियों का चयन किया जा रहा है। उम्मीद है कि मार्च की शुरुआत में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।
पर्यटन विभाग के अनुसार बड़ा बाग हनुमान मंदिर परिसर में लगभग 355.54 लाख रुपये की लागत से कई विकास कार्य कराए जाएंगे। यहां बहुउद्देशीय हॉल, धर्मशाला, मुख्य प्रवेश द्वार, परिक्रमा मार्ग और आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।
आंवला तहसील क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक स्थल अहिच्छत्र में भी पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। यहां यात्री विश्राम गृह, अतिरिक्त विकास कार्य और उद्यान निर्माण के लिए 213.40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक के सिरोही शिव मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, यात्री पाथ-वे और विश्राम गृह का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा रामजानकी मंदिर में बहुउद्देशीय हॉल, मुख्य द्वार, पाथ-वे और उद्यान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए शासन द्वारा 296.63 लाख रुपये की मंजूरी दी जा चुकी है।
मीरगंज क्षेत्र के ठाकुर जी मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, धर्मशाला और उद्यान निर्माण के लिए 106.44 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। वहीं फरीदपुर स्थित पहलऊनाथ शिव मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, संत विश्राम गृह, पाथ-वे और उद्यान के निर्माण के लिए 103.05 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद बरेली जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।






