No Slide Found In Slider.
Breaking News

बरेली में राइस मिलर के घर लूट, छत से कूदने पर एक बदमाश घायल; साथियों की फायरिंग के बीच फरार

No Slide Found In Slider.

बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौंराटांडा कस्बे में गुरुवार देर रात राइस मिल संचालक के घर घुसे बदमाशों ने परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की। वारदात के बाद भागने के दौरान एक बदमाश छत से कूद गया, जिससे उसके पैर टूट गए। घायल साथी को छुड़ाने के प्रयास में अन्य बदमाशों ने फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, वार्ड चार निवासी अकील अहमद के बेटे मोहम्मद रिहान यूनाइटेड राइस मिल का संचालन करते हैं। उनका मकान मियांपुर रोड पर स्थित है। रिहान ने बताया कि रात करीब दो बजे बदमाश मुख्य गेट का ताला काटकर घर में दाखिल हुए। इस दौरान लघुशंका के लिए उठे अकील अहमद को बदमाशों ने पकड़ लिया। आरोप है कि घर में सो रहे रिहान और उनके भाई मोहम्मद रिजवान को भी जगाकर पूरे परिवार को हथियार दिखाकर धमकाया गया तथा अकील अहमद के हाथ बांधकर बंधक बना लिया गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बदमाश घर में रखे करीब 8.32 लाख रुपये नकद और लगभग छह तोला सोने-चांदी के आभूषण लूट ले गए। शोर मचने पर बदमाश भागने लगे, इसी दौरान एक आरोपी छत से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने उसे छुड़ाने के लिए कुछ देर फायरिंग की, लेकिन ग्रामीणों के जुटने पर मौके से फरार हो गए।

परिवार ने साहस दिखाते हुए घायल बदमाश को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम उसे भोजीपुरा थाने ले गई, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीलीभीत जिले के दियोरिया कलां थाना क्षेत्र के मामदपुर गांव निवासी नन्हे उर्फ रीतराम के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में एक आरोपी पकड़ा गया है, जिसकी हालत गंभीर है। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उससे पूछताछ कर अन्य साथियों और गिरोह की जानकारी जुटाई जाएगी। घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें तीन बदमाश नजर आ रहे हैं।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button