जर्मनी के म्यूनिख में ईरान सरकार के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन, ढाई लाख लोगों ने की सत्ता परिवर्तन की मांग

म्यूनिख में शनिवार को उस समय अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा, जब वैश्विक नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी। पुलिस के अनुसार, करीब 2,50,000 लोगों ने सड़कों पर उतरकर ईरान की मौजूदा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और सत्ता परिवर्तन की मांग उठाई।
यह विरोध प्रदर्शन उस अपील के बाद आयोजित हुआ, जिसमें निर्वासन में रह रहे ईरान के युवराज रेजा पहलवी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तेहरान पर दबाव बढ़ाने का आग्रह किया था। उन्होंने दुनिया भर में रह रहे ईरानियों और मानवाधिकार समर्थकों से एकजुट होकर ईरान में जारी राष्ट्रव्यापी आंदोलनों के समर्थन में आवाज उठाने की अपील की थी।
यह रैली ‘ग्लोबल डे ऑफ एक्शन’ के तहत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के पक्ष में वैश्विक स्तर पर समर्थन जुटाना था। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ईरानी प्रवासी समुदाय के साथ-साथ विभिन्न देशों के मानवाधिकार संगठनों और नागरिक समूहों ने भागीदारी की। आयोजकों का कहना है कि यह हाल के वर्षों में ईरान सरकार के खिलाफ यूरोप में आयोजित सबसे बड़ा प्रदर्शन रहा।






