कुर्सी फेंककर मारी, बाल-बाल बचे तहसीलदार, अधिवक्ताओं और तहसीलदार के बीच जमकर कहासुनी हो गई।
उत्तर प्रदेश न्यूज़ अपडेट

दातागंज बदायूं महिला अधिवक्ता पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने हंगामा किया। कहासुनी के दौरान एक अधिवक्ता ने कुर्सी फेक दी, जिसमें तहसीलदार बाल-बाल बच गए।बताया गया है महिला अधिवक्ता किसी केस के मामले में बात करने तहसीलदार के ऑफिस गई थीं। उन्होंने महिला अधिवक्ता से अभद्र व्यवहार कर दिया, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते बार एसोशिएशन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने अधिवक्ताओं को समझाकर शांत किया। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहसील बार दातागंज में वकालत कर रहीं आशा दीक्षित ने बताया कि वह मोहम्मद फईम के मामले में कुछ बात करने तहसीलदार रामचंद्र सिंह के ऑफिस गईं थी। बात की तो उन्होंने सही जबाव न देकर अभद्र व्यवहार कर दिया। इसपर महिला ने विरोध किया। इसके बाद उन्होंने बार के पदाधिकारियों समेत अधिवक्ताओं को बुला लिया। ऑफिस में ही अधिवक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान एक अधिवक्ता ने कुर्सी उठाकर तहसीलदार को फेंककर मारी जिसमें वह बाल-बाल बच गए। करीब एक घंटे के बाद अधिवक्ताओं ने शिकायती पत्र पुलिस को दिया। तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका। इस दौरान तहसीलदार हाय हाय के नारे भी अधिवक्ताओं ने लगाए।
इस मामले में एसडीएम धर्मेद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अधिवक्ताओं को समझा दिया है। तहसीलदार से बात की गई है। मामूली बात पर विवाद की स्थित बन गई थी। अब मामला पूरी तरह से शांत है।
सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि अधिवक्ता की ओर से शिकायती पत्र मिला है। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। दाेनों पक्षों में समझौता की बात चल रही है। तहसीलदार व अधिवक्ताओं के बीच का मामला है। देर शाम को मामला शांत करा दिया गया है।






