होली पर बरेली में बस रूट बदले, यात्रियों के लिए हेल्पलाइन जारी
बरेली में होली के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच बस संचालन में बड़ा बदलाव देखने को मिला। सोमवार को शहर में निकली राम बारात शोभायात्रा के चलते प्रशासन ने पुराना बस अड्डा करीब चार घंटे के लिए बंद कर दिया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस दौरान सभी बसों का संचालन सेटेलाइट बस अड्डे से किया गया। अचानक बढ़े दबाव के कारण सेटेलाइट बस अड्डे पर भीड़ बढ़ गई और कई बार जाम जैसे हालात बन गए। यात्रियों को एक बस अड्डे से दूसरे तक पहुंचने के लिए भागदौड़ करनी पड़ी।
राम बारात के चलते 4 घंटे बंद रहा पुराना बस अड्डा
दोपहर करीब 12 बजे पुलिस प्रशासन के निर्देश पर पुराना बस अड्डा से बसों का संचालन रोक दिया गया। वजह यह रही कि राम बारात की शोभायात्रा इसी मार्ग से गुजर रही थी। इस दौरान दूसरे डिपो से आने वाली बसों को भी बीच रास्ते से ही डायवर्ट कर दिया गया।
हालांकि, शाम करीब 4 बजे शोभायात्रा समाप्त होने के बाद पुराना बस अड्डा से बसों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।
होली पर बढ़ी भीड़, सभी प्रमुख रूटों पर बसें संचालित
रंगोत्सव के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। इसे देखते हुए परिवहन निगम ने लखनऊ, दिल्ली, आगरा और अन्य प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई हैं। चालक और परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है, ताकि संचालन सुचारू बना रहे।
दिल्ली-लखनऊ रूट पर सबसे ज्यादा दबाव
अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली और लखनऊ रूट पर यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही, इसलिए इन रूटों पर विशेष फोकस रखा गया। वहीं आगरा और हल्द्वानी रूट पर बसों की संख्या डेढ़ गुना तक बढ़ाई गई है।
हालांकि, आगरा रूट पर बरेली से कासगंज के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते कई स्थानों पर डायवर्जन लागू है, जिससे बसों की रफ्तार धीमी हो गई है। बरेली से बदायूं के बीच लगभग दस स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन होने से यात्रा समय भी बढ़ गया है।
अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
यात्रियों की सुविधा और यातायात नियंत्रण के लिए जगह-जगह यातायात निरीक्षक और सहायक यातायात निरीक्षक तैनात रहे। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी, एआरएम बरेली डिपो संजीव कुमार श्रीवास्तव और एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार वाजपेई ने स्वयं विभिन्न रूटों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों की सहायता के लिए परिवहन विभाग ने दोनों बस अड्डों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं—
-
सेटेलाइट बस अड्डा: 6389149100
-
पुराना बस अड्डा: 6389149018






