बरेली में जल्द खुलेंगे रामायण वाटिका और रुद्रावनम, सीएम योगी कर सकते हैं लोकार्पण

बरेली के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरवरी के अंत में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं — रामायण वाटिका और रुद्रावनम — का लोकार्पण कर सकते हैं। संभावित दौरे को लेकर शहर में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इससे पहले दिसंबर 2025 में भी मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और लोकार्पण की चर्चा थी, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते वह एक निजी आयोजन में शामिल होकर लौट गए थे। अब दोबारा कार्यक्रम तय होने की संभावना से बीडीए और जिला प्रशासन सक्रिय हो गए हैं।
रामायण काल की झलक देगा विशेष प्रोजेक्ट
बीडीए के अनुसार करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार रामायण वाटिका उत्तर भारत की अपनी तरह की पहली परियोजना है, जहां रामायण काल को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। यह केवल एक पार्क नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र होगा।
वनगमन से जुड़े प्रसंगों को चौपाइयों, भित्ति-चित्रों और कलाकृतियों के माध्यम से दर्शाया गया है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यहां जापानी मियावाकी तकनीक से सघन वन क्षेत्र विकसित किया गया है। एक विशेष पैदल पथ भी बनाया गया है, जिसके दोनों ओर रामायण में वर्णित औषधीय पौधे लगाए गए हैं।
रामगंगानगर स्थित रामायण वाटिका में भगवान श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है, जो प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगी।
रुद्रावनम पार्क से पर्यटन को बढ़ावा
रामायण वाटिका के साथ ही रुद्रावनम पार्क भी पूरी तरह तैयार है। यहां आधुनिक लैंडस्केपिंग, आकर्षक वाटर बॉडीज और विशाल हरित क्षेत्र विकसित किए गए हैं। औपचारिक लोकार्पण के बाद यह स्थल शहरवासियों के लिए प्रकृति के करीब समय बिताने का नया केंद्र बनेगा।
प्रशासन के अनुसार, शासन से अंतिम स्वीकृति मिलते ही कार्यक्रम की तिथि घोषित कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान अन्य विकास परियोजनाओं की भी घोषणा हो सकती है। फिलहाल शहर में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज कर दिया गया है।






