No Slide Found In Slider.
Breaking News

बरेली में नर्स की संदिग्ध मौत, अस्पताल के कमरे में मिला शव

बरेली के पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल में एक नर्स का शव उसके कमरे में मिला। प्रारंभिक जांच में पति से फोन पर विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No Slide Found In Slider.

बरेली: जिले के एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को अस्पताल परिसर में बने नर्स आवास के कमरे में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पति से फोन पर हुए विवाद के बाद अवसाद में आकर जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है।

बारादरी थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय के अनुसार रविवार दोपहर पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल से नर्स की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि मृतका की पहचान 30 वर्षीय प्रियंका देवी के रूप में हुई है। प्रियंका मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के कुंवरपुर बंजरिया गांव की रहने वाली थीं और सुनील कुमार की पत्नी थीं।

बताया जा रहा है कि प्रियंका लंबे समय से उक्त अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं और अस्पताल के पीछे बने नर्स आवास में रह रही थीं। घटना के समय भी वह अपने कमरे में ही मौजूद थीं।

रात में ड्यूटी पर थीं प्रियंका

प्रियंका के साथ कमरे में रहने वाली दूसरी नर्स आस्था ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे वह अपनी ड्यूटी के लिए अस्पताल चली गई थीं। उस समय प्रियंका कमरे में सो रही थीं, क्योंकि उनकी रात में ड्यूटी थी।

आस्था के मुताबिक जब वह दोपहर करीब 12 बजे वापस कमरे पर लौटीं तो प्रियंका अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। स्थिति गंभीर देखकर उन्हें तुरंत अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति ने फोन नंबर कर दिया था ब्लॉक

पुलिस के मुताबिक अभी तक मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनका पति सुनील कुमार भी मौके पर पहुंच गया है, जो खुद एक अन्य निजी अस्पताल में कार्यरत बताया जा रहा है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच कुछ समय से किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। पुलिस को मोबाइल जांच में यह भी पता चला है कि शनिवार रात दोनों के बीच फोन पर लंबी बातचीत और चैटिंग हुई थी। इसके बाद पति ने पत्नी का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।

पुलिस को आशंका है कि इसी घटनाक्रम के बाद प्रियंका मानसिक तनाव में आ गई हों और उन्होंने कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया हो। हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

#BareillyNews #UPCrimeNews #NurseDeath #BreakingNews #HospitalNews #BaradariPolice #CrimeUpdate #LocalNews

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button