80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित

बरेली, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर तहसील सदर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व विभाग के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यालय उपजिलाधिकारी सदर, बरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर इशिता किशोर ने कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर लेखपाल सुभाष चन्द्र/सुभाष यादव, अनिल कुमार, गिरीश गंगवार तथा राजस्व निरीक्षक शिव किशोर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, लगनशीलता और राजस्व संबंधी शासकीय कार्यों के समयबद्ध संपादन की प्रशंसा की।
प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि सम्मानित कर्मचारी आज्ञाकारी, परिश्रमी एवं मृदुभाषी हैं और उन्हें सौंपे गए कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ संपन्न करते हैं। उनके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर इशिता किशोर ने अपेक्षा जताई कि कर्मचारी भविष्य में भी अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन इसी प्रकार निष्ठा, लगनशीलता, ईमानदारी एवं तत्परता के साथ करते रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिले इस सम्मान से राजस्व कर्मचारियों में उत्साह दिखाई दिया। सम्मान समारोह ने बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के साथ अन्य कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया।
रिपोर्ट देवेंद्र पटेल बरेली






