Eid 2026: बरेली में अकीदत के साथ अदा हुई नमाज, ईदगाहों में उमड़ा जनसैलाब

बरेली में ईद-उल-फितर के मौके पर शनिवार को अकीदत और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों लोगों ने नमाज अदा की और देश में अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
मुख्य नमाज शहर के बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह करीब 10:30 बजे अदा कराई गई, जहां बड़ी संख्या में नमाजियों ने एक साथ खुदा के सामने सजदा किया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे माहौल में भाईचारे और सौहार्द की झलक दिखाई दी।
सुबह से ही शहर की प्रमुख मस्जिदों और दरगाहों में नमाज का सिलसिला शुरू हो गया था। बाजार संदल खान स्थित चांद मस्जिद, दरगाह वली मियां और साहूकारा की मदीना मस्जिद में सुबह 6:40 बजे नमाज अदा की गई। वहीं, सबसे अंत में दरगाह आला हजरत स्थित रजा मस्जिद में सुबह 11 बजे नमाज अदा की गई।
ईदगाह में सुबह 7 बजे से ही नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते पूरा मैदान भर गया और नमाज के समय जनसैलाब उमड़ पड़ा। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर ईद की बधाइयां दीं।
शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। खासकर रजा मस्जिद में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
केवल शहर ही नहीं, बल्कि जिले के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। आंवला, मीरगंज, नवाबगंज, फतेहगंज पश्चिमी, हाफिजगंज, क्योलड़िया, अलीगंज, भमोरा, बिशारतगंज, सिरौली, शाही, फरीदपुर, भुता और फतेहगंज पूर्वी सहित विभिन्न क्षेत्रों में ईदगाहों और मस्जिदों में तय समय पर नमाज अदा की गई।
ईद को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर और एक-दूसरे से मिलकर लोगों ने इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।






