बरेली में नगर निगम कार्रवाई पर किसानों का विरोध, आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ किसानों और दुग्ध डेयरी संचालकों में रोष बढ़ता जा रहा है। किसान एकता संघ के बैनर तले किसानों ने नगर निगम प्रशासन पर उत्पीड़न और भेदभावपूर्ण रवैये के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बुधवार को किसानों ने नगर आयुक्त संजीव मौर्य को ज्ञापन सौंपकर कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल डेयरी संचालकों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि प्रभावशाली दुकानदारों और सड़क घेरकर कारोबार करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रवि नागर ने बताया कि नगर निगम की टीमें अक्सर जेसीबी मशीन के साथ हवाई अड्डा गेट के पास पहुंच जाती हैं और किसानों को जमीन खाली करने के लिए दबाव बनाती हैं। उनका आरोप है कि किसान मुख्य मार्ग से दूर और सड़क किनारे गड्ढों में अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें अतिक्रमणकारी बताकर परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी किसान विरोध दर्ज करा चुके हैं। हवाई अड्डा गेट से टोल प्लाजा तक पदयात्रा निकाली गई थी और जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम का यह रवैया नहीं बदला और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






