Bareilly News: रोडवेज में आएंगी 25 ई-बसें, पुराने बस अड्डे पर बनेगा चार्जिंग स्टेशन

उत्तर प्रदेश के बरेली में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। रोडवेज विभाग इस वित्तीय वर्ष के भीतर अपने बेड़े में 25 नई ई-बसों को शामिल करने की तैयारी कर रहा है। इन बसों का संचालन जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर के दायरे में किया जाएगा, जिससे आसपास के जिलों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
ई-बसों के संचालन के लिए पुराने रोडवेज बस अड्डे पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा, जिसके निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। वर्तमान में रोडवेज के पास बीएस-6 श्रेणी की बसें हैं, लेकिन ई-बसें अभी तक शामिल नहीं थीं। नई ई-बसों के आने से डीजल पर निर्भरता कम होगी और परिवहन प्रणाली अधिक आधुनिक बनेगी।
फिलहाल सिटी बस सेवा के तहत नगर निगम क्षेत्र में 25 ई-बसें पहले से संचालित हो रही हैं, जिनमें प्रतिदिन औसतन 5300 यात्री सफर कर रहे हैं। इस सफलता को देखते हुए अब रोडवेज भी ई-बस सेवा को विस्तार देने जा रहा है। इन बसों को बरेली-बदायूं, बरेली-पीलीभीत और बरेली-रामपुर जैसे प्रमुख रूटों पर चलाने की योजना है।
इसके अलावा, इन ई-बसों को उपनगरीय बस सेवा के रूप में भी इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे छोटे शहरों और कस्बों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी के अनुसार, बसों की खरीद की प्रक्रिया मुख्यालय स्तर पर जारी है और चार्जिंग स्टेशन के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रिपोर्ट भेज दी गई है।
वहीं, शहर में परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए इज्जतनगर में नया रोडवेज बस अड्डा भी अगले महीने से शुरू होने जा रहा है। इस नए बस अड्डे के शुरू होने के बाद पीलीभीत, टनकपुर और नैनीताल रूट की बसों को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे पुराने रोडवेज और सेटेलाइट बस अड्डे पर भीड़ और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।





