Bareilly फीस वृद्धि के खिलाफ बरेली कॉलेज में सपा छात्र सभा का प्रदर्शन, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

फीस बढ़ोतरी वापस लेने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और आजाद छात्रावास खोलने समेत कई मांगें उठाईं; कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | बरेली | लाइव भारत टीवी उत्तर प्रदेश
बरेली। बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि और विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को समाजवादी छात्र सभा (बरेली महानगर) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर पहुंचे छात्र नेताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं और प्राचार्य का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। छात्र नेताओं ने फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने के साथ प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता और कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में एकत्र हुए और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान छात्र जमीन पर बैठ गए और विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
फीस वृद्धि वापस लेने की मांग
छात्र सभा ने ज्ञापन के माध्यम से व्यावसायिक और स्नातक पाठ्यक्रमों में की गई फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। इसके साथ ही प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई। छात्र नेताओं का कहना था कि फीस बढ़ने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
छात्र नेताओं ने लंबे समय से बंद पड़े आजाद छात्रावास को जल्द शुरू कराने और कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की भी मांग की। उनका कहना था कि छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं को कॉलेज प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
पुस्तकालय से नियमित कक्षाओं तक उठाए मुद्दे
ज्ञापन में नई शिक्षा नीति के मानकों के अनुरूप कॉलेज के पुस्तकालय में नवीन पुस्तकें और बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। विद्यार्थियों के लिए नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने और पीएचडी शोधार्थियों को आधिकारिक पहचान पत्र जारी करने का मुद्दा भी उठाया गया।
खेल मैदान और सुविधाओं के आधुनिकीकरण की मांग
छात्रों ने कॉलेज के खेल मैदान को आधुनिक बनाने के साथ उसे गैर-शैक्षणिक, राजनीतिक एवं सरकारी आयोजनों से होने वाले संभावित नुकसान से बचाने की मांग की। इसके अलावा स्विमिंग पूल, जिम और बैडमिंटन कोर्ट जैसी खेल सुविधाओं के आधुनिकीकरण की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
छात्र नेताओं ने कॉलेज में प्रभावी छात्र शिकायत निवारण व्यवस्था विकसित करने की मांग करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होना चाहिए।
मांगें पूरी न हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समयबद्ध और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। छात्र नेताओं ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।






