No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली उर्स-ए-ताजुश्शरिया की तैयारी तेज, DM ने नई परंपरा पर लगाई रोक

No Slide Found In Slider.

बरेली। 24 और 25 अप्रैल को प्रस्तावित उर्स-ए-ताजुश्शरिया के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित प्रशासनिक अधिकारी और उर्स की कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उर्स के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी और पूर्व से चली आ रही व्यवस्थाओं को ही व्यवस्थित तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
डीएम ने अग्निशमन व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति और निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाहर से आने वाले जायरीन के ठहरने की व्यवस्था भी पूर्व की भांति बनाए रखने को कहा गया। साथ ही कोर कमेटी को निर्देशित किया गया कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम या अपर जिलाधिकारी नगर को दी जाए।

वालंटियरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आईडी कार्ड जारी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

सुरक्षा और साइबर सतर्कता पर फोकस
एसएसपी अनुराग आर्य ने आयोजकों से सुझाव मांगे और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने उर्स के दौरान मोबाइल चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।

ट्रैफिक और पार्किंग की विशेष व्यवस्था
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि जायरीन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाएगी। पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन लागू रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन भी किया जाएगा।

सीसीटीवी और अतिक्रमण पर सख्ती
एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि आजमनगर और कोहाड़ापीर से परचम कुशाई की परंपरा पहले से निर्धारित है, इसलिए इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, वालंटियरों की सूची पुलिस को उपलब्ध कराने और मार्गों पर अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए।

परीक्षा और उर्स के बीच समन्वय
अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे ने बताया कि 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है। ऐसे में दोनों बड़े आयोजनों के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन समन्वय बनाकर कार्य करेगा।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button