कार्रवाई न होने पर उग्र हुए सफाई कर्मचारी, जिला अध्यक्ष रामलाल कश्यप के नेतृत्व में थाने का घेरा।

उत्तर प्रदेश लाइव भारत टीवी।
रिपोर्ट देवेंद्र पटेल
(बरेली):थाना भुता क्षेत्र के गांव सिसैया में सफाई कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज सफाई कर्मचारियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारियों ने जिला अध्यक्ष रामलाल कश्यप के नेतृत्व में भुता थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
बताया गया कि दो दिन पहले गांव सिसैया में नाला सफाई के दौरान सफाई कर्मचारी गंगा शरण के साथ गांव के ही मयंक और प्रताप सिंह ने कथित रूप से मारपीट की थी। पीड़ित द्वारा घटना की शिकायत थाने में दी गई, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी बात से नाराज होकर कर्मचारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पुलिस बयान।
“पीड़ित का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” — थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार






