बरेली: सरकारी बीज भंडार में बड़ा घोटाला, किसानों का हक डकारने पर गोदाम प्रभारी पर आरोप

📍 बरेली, संवाददाता। विकासखंड बिथरी चैनपुर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि गोदाम प्रभारी ने किसानों के लिए आए सरकारी बीज का बंदरबांट कर लिया, जिससे कई पात्र किसान बीज से वंचित रह गए।
स्टॉक दर्ज, लेकिन किसानों को बीज नहीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीज भंडार में लगभग 15 कुंतल 20 किलो उड़द और 3 क्विंटल 4 किलो मूंग का स्टॉक दर्ज था। लेकिन जब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसान बीज लेने पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि स्टॉक उपलब्ध नहीं है। इस पर किसानों में भारी आक्रोश फैल गया।
किसानों का आरोप
किसानों का कहना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों की मिलीभगत से बीज का गलत तरीके से वितरण किया गया है, जिससे असली लाभार्थी वंचित रह गए।
जिम्मेदारों पर सवाल
गोदाम प्रभारी विजय गंगवार पर सीधे तौर पर गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। किसानों का कहना है कि बिना किसी पारदर्शिता के बीज का वितरण किया गया, जो भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
आंदोलन की चेतावनी
किसान नेता नेत्रपाल और अन्य किसानों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही जिला स्तरीय अधिकारियों से मुलाकात कर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बड़ा सवाल
जब सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए योजनाएं चला रही है, तो जमीनी स्तर पर इस तरह का भ्रष्टाचार आखिर कब रुकेगा? अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।





