भीषण गर्मी के बीच बरेली में ‘मानसून’ जैसा मौसम, आंधी-बारिश से मिली राहत

भीषण गर्मी के बीच बरेली में ‘मानसून’ जैसा मौसम, आंधी-बारिश से मिली राहत
तेज हवाओं और बारिश से तापमान में गिरावट, 4-5 मई को फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
बरेली।जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहे लोगों को गुरुवार शाम बड़ी राहत मिली। अचानक बदले मौसम ने पूरे शहर का मिजाज ही बदल दिया। देखते ही देखते आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज धूल भरी आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में शहर की सड़कों और गलियों में पानी भर गया और मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया।
दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को शाम होते-होते राहत मिली। मौसम के इस बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में काफी कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, मई के शुरुआती दो-तीन दिनों में बारिश की गतिविधियां थोड़ी कम हो सकती हैं, जिससे तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है। हालांकि, 4 और 5 मई के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है और तापमान में दोबारा गिरावट आएगी।
गुरुवार सुबह से ही मौसम के बदले तेवर देखने को मिले। तेज हवाएं चलीं और धूप देर से निकली, जिससे सुबह हल्की ठंडक का एहसास हुआ। दोपहर में धूल भरी हवाओं के कारण मुख्य मार्गों पर गुबार उठते नजर आए और उमस ने लोगों को परेशान किया। लेकिन शाम को अचानक आए तूफान और बारिश ने पूरे माहौल को बदल दिया।
मौसम विभाग ने 1 मई (शुक्रवार) को भी बरेली में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।






