घंटों बंद रहने वाली नगरिया कला रेलवे क्रॉसिंग बनी 40 हजार लोगों की परेशानी, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगाने की मांग

घंटों बंद रहने वाली नगरिया कला रेलवे क्रॉसिंग बनी 40 हजार लोगों की परेशानी, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगाने की मांग
डीआरएम बरेली को सौंपा ज्ञापन, आपातकालीन सेवाओं में हो रही देरी पर ग्रामीणों ने जताई चिंता
बरेली। जनपद बरेली की ग्राम पंचायत नगरिया कला स्थित रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी के लिए बड़ी समस्या बन गई है। लंबे समय तक रेलवे फाटक बंद रहने के कारण नगरिया कला, भूड़ा, सैदपुर चुन्नीलाल, दीदार पट्टी, भगवंतपुर समेत आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) बरेली मंडल को ज्ञापन सौंपकर रेलवे क्रॉसिंग को इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली में परिवर्तित किए जाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के चलते रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। कई बार लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए समय पर गंतव्य तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
आपातकालीन सेवाओं पर पड़ रहा असर
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम के कारण एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी बाधाओं का सामना करना पड़ता है। इससे किसी भी गंभीर स्थिति में समय पर सहायता पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
ग्रामीणों ने हाल ही में लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय का अत्यंत महत्व होता है। यदि एंबुलेंस अथवा फायर ब्रिगेड जैसी सेवाएं समय पर न पहुंच सकें तो जनहानि की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना या आपदा से निपटने के लिए रेलवे क्रॉसिंग की समस्या का समाधान बेहद आवश्यक है।
इलेक्ट्रॉनिक क्रॉसिंग की मांग
क्षेत्रवासियों ने डीआरएम से मांग की है कि नगरिया कला रेलवे क्रॉसिंग को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली से संचालित किया जाए, जिससे फाटक संचालन अधिक व्यवस्थित हो और अनावश्यक रूप से लंबे समय तक बंद रहने की समस्या समाप्त हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि इससे यातायात सुचारु होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाई आवाज
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम प्रधान नगरिया कला बजरूल कमर अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता व्यापक जनआंदोलन करने को मजबूर होगी।
ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने और क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।






