पीएनजी पाइपलाइन से गैस चोरी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार!

पीएनजी पाइपलाइन से गैस चोरी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार!
📍 बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन से अवैध रूप से गैस चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गैस चोरी का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पीरबहोड़ा में कुछ लोगों द्वारा पीएनजी पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर मीटर एवं रेगुलेटर को बायपास करते हुए चोरी की जा रही थी। पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में मुख्य आरोपी सफरुद्दीन ने बताया कि उसका गैस कनेक्शन करीब 2–3 वर्ष पहले बिल बकाया होने के कारण काट दिया गया था। इसके बाद उसने अपने पड़ोसी मुस्तफा खां के साथ मिलकर अवैध कनेक्शन जोड़ने की योजना बनाई।
आरोप है कि गैस मीटर रीडिंग लेने आने वाले अनुज सक्सेना से मिलीभगत कर बंद कनेक्शन को दोबारा चालू कराने का सौदा हुआ। इसके बदले प्रति माह ₹500 देने और चेकिंग की सूचना पहले देने की बात तय हुई।
इसके बाद आरोपियों ने पाइपलाइन से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से गैस उपयोग करना शुरू कर दिया, जो पिछले चार महीनों से लगातार जारी था।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी प्लास्टिक व रबर पाइप के जरिए अवैध कनेक्शन जोड़कर गैस का उपयोग कर रहे थे। मौके से चोरी में प्रयुक्त पाइप भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है—
सफरुद्दीन (निवासी पीरबहोड़ा)
मुस्तफा खां उर्फ मुस्ताक खां (निवासी पीरबहोड़ा)
अनुज सक्सेना (निवासी फरीदपुर)
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, यह कृत्य न केवल आर्थिक अपराध है बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद खतरनाक है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।






