युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार में बवाल: दो पक्षों में जमकर पथराव, 17 नामजद समेत कई पर मुकदमा
बारादरी क्षेत्र में मातम के बीच हिंसा, महिलाओं-बच्चों तक में दहशत; कई घायल

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर में युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान ऐसा बवाल मचा कि मातम का माहौल हिंसा में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मामला गाली-गलौज, मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 17 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सम्राट अशोक नगर निवासी दिलीप कुमार की 4 मई को विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। इसी बीच अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान दिलीप की पत्नी मुस्कान के मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया।
मातम के बीच शुरू हुई कहासुनी, फिर बरसने लगे ईंट-पत्थर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल बेकाबू हो गया। आरोप है कि दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई और फिर ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं-बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
एक पक्ष की ओर से शैलेन्द्र ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मुस्कान के परिजन मनोज, नीरज, साहिल, बृंदा, अरुण कुमार और सौरभ समेत अन्य लोग गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए और हमला कर दिया। इस दौरान उसके बहनोई राकेश के सिर में गंभीर चोट आई।
वहीं दूसरे पक्ष के साहिल ने आरोप लगाया कि शैलेन्द्र, सीमा, सुलोचना, वेदपाल, रामपाल, तेजपाल, सचिन, कमल, बंटी, विनीत कौशल समेत अन्य लोगों ने हमला बोल दिया और ईंट-पत्थर फेंके, जिससे कई लोग घायल हो गए। साहिल ने यह भी कहा कि मुस्कान और उसके दो माह के बच्चे की जान को खतरा है।
दोनों पक्षों पर एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी
बारादरी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।
शैलेन्द्र पक्ष की तहरीर पर मनोज, नीरज, साहिल, बृंदा, अरुण कुमार और सौरभ समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। वहीं साहिल की ओर से दी गई तहरीर पर शैलेन्द्र, सीमा, वेदपाल, रामपाल, तेजपाल, सचिन, कमल, बंटी, विनीत और कौशल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में तनाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील मौके पर हुए विवाद और पथराव की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं। वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हिंसा किसने पहले शुरू की।




