No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली में जिमों पर पुलिस की सख्ती, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर DIG का बड़ा एक्शन।

No Slide Found In Slider.

बरेली में जिमों पर पुलिस की सख्ती, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर DIG का बड़ा एक्शन।
चारों जिलों के कप्तानों से मांगी रिपोर्ट, CCTV से लेकर महिला ट्रेनर तक अनिवार्य करने के निर्देश।

बरेली। जिम और फिटनेस सेंटरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बरेली मंडल पुलिस अब पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। सिविल लाइंस स्थित एक जिम में महिला डॉक्टर के साथ कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और 50 लाख रुपये की मांग के सनसनीखेज मामले के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बरेली रेंज के डीआईजी अजय सहानी ने मंडल के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए हैं।
डीआईजी ने बरेली मंडल के चारों जिलों के पुलिस कप्तानों को निर्देशित किया है कि जिम और फिटनेस सेंटरों की व्यापक जांच कर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित कराया जाए। इसके लिए पांच दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।
अब जिमों में अनिवार्य होंगे CCTV, महिला ट्रेनर और सुरक्षा इंतजाम
डीआईजी ने साफ कहा कि जिम में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिलना चाहिए। इसके लिए पुलिस और जिम संचालकों की संयुक्त जवाबदेही तय की गई है। विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमें जिलेभर के जिमों और फिटनेस सेंटरों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का सत्यापन करेंगी।
निर्देशों के अनुसार सभी जिमों में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, महिला चेंजिंग रूम और महिलाओं के लिए अलग महिला ट्रेनर एवं महिला स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा जिम में काम करने वाले सभी ट्रेनर और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी कराया जाएगा।
प्रोटीन पाउडर और स्टेरॉयड की भी होगी जांच
पुलिस प्रशासन ने केवल सुरक्षा ही नहीं बल्कि जिमों में इस्तेमाल होने वाले प्रोटीन सप्लीमेंट, स्टेरॉयड और अन्य फिटनेस उत्पादों की भी जांच के निर्देश दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि कई जगहों पर अवैध या प्रतिबंधित पदार्थों का इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे में पुलिस और संबंधित विभाग मिलकर जांच अभियान चलाएंगे।
बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाने पर भी सख्ती
महिलाओं की निजता से जुड़े मामलों को देखते हुए डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी महिला का बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाने, अभद्रता, छेड़छाड़ या ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। संवेदनशील जिमों और फिटनेस सेंटरों के आसपास एंटी रोमियो स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस द्वारा नियमित गश्त एवं चेकिंग भी कराई जाएगी।
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी देना जरूरी
डीआईजी ने जिम संचालकों को निर्देशित किया है कि वे महिला सदस्यों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1030 की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। साथ ही जहां संभव हो, वहां पुरुषों और महिलाओं के जिम उपयोग का समय अलग-अलग निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया है।
महिला सुरक्षा पर प्रशासन का बड़ा संदेश
सिविल लाइंस जिम कांड के बाद पुलिस प्रशासन का यह अभियान साफ संकेत दे रहा है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिम और फिटनेस सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। प्रशासन का दावा है कि अभियान के जरिए महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ-साथ फिटनेस सेंटरों में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button