No Slide Found In Slider.
बरेली

स्कूल से लौट रही छात्रा से छेड़छाड़ का प्रयास, ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़कर पीटा

No Slide Found In Slider.

स्कूल से लौट रही छात्रा से छेड़छाड़ का प्रयास, ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़कर पीटा
नवाबगंज में महिला सुरक्षा पर उठे सवाल, गांव में तनाव का माहौल

रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल

बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा को कथित तौर पर कुछ गैर समुदाय के युवकों ने नशा सूंघाकर बुरी नीयत से पकड़ लिया। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े, जिसके बाद आरोपी युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह एवं कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान आरोपियों का तीसरा साथी भी वहां पहुंच गया, जिसे पुलिस ने तत्काल पकड़ लिया।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से कुछ दूरी पर रहने वाला गुड्डू पंडित नामक युवक कथित रूप से अवैध गतिविधियों और वेश्यावृत्ति के धंधे में लिप्त है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि पकड़े गए आरोपी युवक भी उसी के संपर्क में थे और वहीं से गांव में पहुंचे थे।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे बच्चियों और महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी है।
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिल पाता है या नहीं।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button