No Slide Found In Slider.
बरेली

Bareilly Crime News : मुस्लिम युवक से प्रेम संबंध बने मौत की वजह, पिता और भाइयों ने बेटी का गला दबाकर की हत्या

No Slide Found In Slider.

Bareilly Crime News : मुस्लिम युवक से प्रेम संबंध बने मौत की वजह, पिता और भाइयों ने बेटी का गला दबाकर की हत्या

ऑनर किलिंग से दहला बरेली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुली हत्या की खौफनाक कहानी

बरेली। जिले के सिरौली थाना क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुस्लिम युवक से प्रेम संबंध रखने वाली युवती की उसके ही पिता और दो भाइयों ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि परिवार को बेटी का प्रेम संबंध मंजूर नहीं था। पहले उसे समझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब वह शादी की जिद पर अड़ी रही तो आरोपितों ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद परिवार ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए युवती की मौत का कारण उल्टी-दस्त बताया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान और गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने पिता और दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मुस्लिम युवक से था प्रेम संबंध

जानकारी के मुताबिक, सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर सिकंदरपुर गांव निवासी महेंद्र कश्यप की बेटी क्रांति कश्यप का संभल निवासी अरमान खान से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों फोन पर बातचीत करते थे और युवती युवक से शादी करना चाहती थी।

परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। मां की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके चलते युवती मानसिक रूप से काफी अकेली रहती थी। परिवार के लोगों ने उसे कई बार समझाया, लेकिन उसने साफ कह दिया कि वह अरमान से ही शादी करेगी।

बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष भी दोनों को रामनगर किला क्षेत्र में साथ पकड़ा गया था। उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन इसके बाद से युवती के साथ घर में लगातार मारपीट की जाती थी।

फोन पर बात करते पकड़ी गई युवती

पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह पहले गांव लौटे युवती के भाई अमन और आकाश ने सोमवार को क्रांति को युवक से फोन पर बात करते पकड़ लिया। इसके बाद पिता और दोनों भाइयों ने मिलकर उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव भी किया था।

आरोप है कि रात में तीनों ने मिलकर युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी।

पुलिस को बताया- उल्टी दस्त से हुई मौत

सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची तो परिवार ने युवती की मौत का कारण उल्टी-दस्त बताया। हालांकि पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जब पोस्टमार्टम कराने की बात कही गई तो परिवार ने विरोध किया, लेकिन हत्या की सूचना मिलने के चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले और मौत का कारण गला दबाना सामने आया। इसके बाद युवती के चाचा महक सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पिता महेंद्र कश्यप और दोनों बेटों अमन व आकाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। प्रारंभिक जांच में मामला ऑनर किलिंग का सामने आया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, यह मामला एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button