हमीरपुर पुल हादसा: तेज आंधी में ढहा करोड़ों का निर्माणाधीन पुल, 6 मजदूरों की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हमीरपुर पुल हादसा: तेज आंधी में ढहा करोड़ों का निर्माणाधीन पुल, 6 मजदूरों की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे करोड़ों रुपये की लागत वाले निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा तेज आंधी और बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे और आसपास सो रहे थे, जो देखते ही देखते मलबे में दब गए। इस भीषण दुर्घटना में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, SDRF और राहत बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात आए तेज आंधी-तूफान के बाद पुल का स्लैब और शटरिंग का हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि यदि हल्की प्राकृतिक आपदा में ही पुल का हिस्सा ढह गया, तो निर्माण सामग्री और तकनीकी गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि पुल निर्माण परियोजना करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की जा रही थी। लेकिन मजदूरों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। हादसे के बाद निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने और पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस हादसे का जिम्मेदार कौन है? क्या निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई थी? क्या मजदूरों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया गया? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन फिलहाल इस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल
LIVE BHARAT TV






