तहसील सदर में ADM पूर्णिमा सिंह का औचक निरीक्षण, राशन कार्ड शिकायत पर बाबू को लगाई फटकार

तहसील सदर में ADM पूर्णिमा सिंह का औचक निरीक्षण, राशन कार्ड शिकायत पर बाबू को लगाई फटकार
बरेली। तहसील सदर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण पर पहुंच गईं। अचानक पहुंचे प्रशासनिक अमले को देखकर तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एडीएम ने विभिन्न विभागों, राजस्व न्यायालयों, लेखपाल कार्यालयों और आपूर्ति विभाग का निरीक्षण कर लंबित मामलों एवं शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एडीएम पूर्णिमा सिंह सबसे पहले राजस्व न्यायालय पहुंचीं, जहां उन्होंने धारा 24, धारा 34, धारा 67 समेत अन्य महत्वपूर्ण पत्रावलियों और लंबित फाइलों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मामलों की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए कहा कि राजस्व संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और न्याय प्रक्रिया में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद एडीएम ने तहसील परिसर में बने लेखपाल कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेखपालों से क्षेत्रवार शिकायतों और उनके निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक हलचल तहसील परिसर स्थित आपूर्ति कार्यालय में देखने को मिली। यहां राशन कार्ड बनवाने पहुंचे कई फरियादियों ने कार्यालय में तैनात बाबू पर गंभीर आरोप लगाए। जोगीठेर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने एडीएम को बताया कि वह कई बार ऑनलाइन आवेदन कर चुकी है, लेकिन महीनों बाद भी उसका राशन कार्ड नहीं बन पाया। महिला ने आरोप लगाया कि हर बार कार्यालय आने पर उसे अलग-अलग बहाने बनाकर वापस भेज दिया जाता है।
इसी दौरान थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गांव मुड़िया अहमदनगर का मामला भी सामने आया, जहां कार्ड धारकों ने कोटेदार मनोहर लाल पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार राशन वितरण में घटतौली कर रहा है और कई बार अंगूठा लगवाने के बावजूद कार्ड धारकों को समय पर राशन नहीं दिया जाता। आरोप है कि गरीब परिवार कई दिनों तक चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन उन्हें पूरा गल्ला नहीं मिल पाता।
महिलाओं और कार्ड धारकों की शिकायत सुनते ही एडीएम पूर्णिमा सिंह ने मौके पर मौजूद संबंधित बाबू को कड़ी फटकार लगाई और अधिकारियों को राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े मामलों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






