No Slide Found In Slider.
बरेली

महंगाई का बड़ा झटका: घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा

No Slide Found In Slider.

देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। गैस कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि की है, जिसके बाद दिल्ली-एनसीआर में इसकी नई कीमत 942 रुपये हो गई है।

एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित होता नजर आ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे उपभोक्ताओं के लिए यह बढ़ोतरी अतिरिक्त आर्थिक बोझ मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 5 किलो वाले छोटे घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब 339 रुपये कर दी गई है। हालांकि फिलहाल 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसकी कीमत 3,113.50 रुपये पर स्थिर बनी हुई है।

पहले भी बढ़ चुके हैं कमर्शियल सिलेंडर के दाम

पिछले कुछ महीनों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसी बीच एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना पहले से जताई जा रही थी।

बीते 1 जून को कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में करीब 42 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं 1 मई को भी गैस कीमतों में बदलाव किया गया था।

अंतरराष्ट्रीय हालात का असर

जानकारों के मुताबिक, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर गैस की कीमतों पर पड़ रहा है। ईरान संघर्ष और वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के कारण ऊर्जा बाजार में दबाव बना हुआ है।

हालांकि उस समय घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तत्काल बढ़ोतरी नहीं की गई थी, लेकिन अब कंपनियों ने दाम बढ़ाने का फैसला लिया है।

सरकार ने कहा- गैस सप्लाई सामान्य

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मंत्रालय के अनुसार किसी भी गैस एजेंसी पर सिलेंडर की कमी नहीं है और जमाखोरी या कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

सरकार का यह भी कहना है कि देश की रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। साथ ही घरेलू स्तर पर एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के प्रयास भी जारी हैं।

ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था में पारदर्शिता

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब करीब 99 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। वहीं रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे जाने वाले ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए लगभग 95 प्रतिशत गैस डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके।

लगातार बढ़ती महंगाई के बीच घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालने वाली मानी जा रही है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button