श्रीनगर आवास कॉलोनी में चोरी से हड़कंप: पीजी हॉस्टल में घुसकर छात्रों के दो मोबाइल लेकर फरार हुआ चोर

श्रीनगर आवास कॉलोनी में चोरी से हड़कंप: पीजी हॉस्टल में घुसकर छात्रों के दो मोबाइल लेकर फरार हुआ चोर
कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पूर्व में भी हो चुकी हैं चोरी और लूट की घटनाएं
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के जोगी नवादा स्थित श्रीनगर आवास कॉलोनी में सोमवार सुबह चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। कॉलोनी स्थित एक पीजी हॉस्टल में रह रहे छात्रों के दो मोबाइल फोन चोरी कर चोर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित छात्रों के अनुसार वह श्रीनगर आवास कॉलोनी स्थित पीजी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। सोमवार सुबह अचानक एक युवक मौके का फायदा उठाकर हॉस्टल से दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। जब तक छात्रों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। कॉलोनीवासियों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं लग सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रीनगर आवास कॉलोनी में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कॉलोनी में चोरी और लूट की वारदातें हो चुकी हैं। कुछ समय पूर्व पार्क में टहल रही एक महिला के कानों से बदमाश कुंडल लूटकर फरार हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ती जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की जा रही। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी और कॉलोनी में सुरक्षा इंतजाम सख्त करने की मांग की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि जब घरों और हॉस्टलों के भीतर घुसकर चोरी की घटनाएं होने लगी हैं, तो आम नागरिक आखिर खुद को कहां सुरक्षित महसूस करें। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।






